Buy Advt. Space

दुर्ग कलेक्टर से सरपंच संघ की मुलाकात, पंचायतों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग

By

दुर्ग। पाटन सरपंच संघ एवं दुर्ग सरपंच संघ के पदाधिकारियों और सरपंचों ने जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह से मुलाकात कर पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। इस दौरान लगभग 102 सरपंच उपस्थित रहे और पंचायतों के समक्ष आ रही मूलभूत समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

17 सूत्रीय मांगों पर हुई चर्चा

सरपंच संघ ने कलेक्टर को पूर्व में सौंपे गए 17 सूत्रीय मांग पत्र के विषयों पर चर्चा की। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर अलग से आवेदन प्रस्तुत करते हुए त्वरित समाधान की मांग की गई।

बिजली कनेक्शन कटने से बढ़ी चिंता

सरपंचों ने बताया कि पंचायत भवनों एवं अन्य शासकीय भवनों के विद्युत कनेक्शन काटे जाने से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पंचायत भवनों में कंप्यूटर आधारित कार्य, पेयजल व्यवस्था, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों की सेवाएं बाधित हो रही हैं।

पाटन सरपंच संघ के अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला एवं विनय चंद्राकर ने कहा कि पूर्व में पंचायतों के बिजली बिलों का वहन शासन द्वारा किया जाता रहा है, लेकिन बिना पूर्व सूचना के कनेक्शन काटे जाने से गांवों में असंतोष का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि यदि गांवों में पेयजल और प्रकाश व्यवस्था प्रभावित होती है, तो इसका सीधा असर ग्रामीणों के जीवन पर पड़ेगा।

आवास सूची और ग्राम सभा प्रस्ताव का मुद्दा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की एआई जनरेटेड सूची में पात्र हितग्राहियों के नाम छूटने का विषय भी उठाया गया। सरपंचों ने मांग की कि ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित सूची के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो तथा छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के नाम जोड़े जाएं।

इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र बनाने में आ रही कठिनाइयों पर भी चर्चा हुई। सरपंच संघ ने मांग की कि ग्राम सभा के प्रस्तावों को मान्यता देकर प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलेभर की पंचायतों में बढ़ रही समस्या

सरपंच संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी युगल किशोर साहू ने कहा कि यह समस्या केवल पाटन और दुर्ग जनपद तक सीमित नहीं है, बल्कि धमधा सहित अन्य क्षेत्रों की पंचायतें भी इससे प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतों में बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्या तेजी से बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि पंचायत हित और ग्रामीण सुविधाओं को बनाए रखने के लिए सभी सरपंच एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो सरपंच संघ आगे की रणनीति तय कर आवश्यक कदम उठाएगा।

बड़ी संख्या में सरपंच रहे मौजूद

इस अवसर पर पाटन सरपंच संघ के अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला, विनय चंद्राकर सहित पाटन और दुर्ग जनपद के 102 से अधिक सरपंच उपस्थित रहे। सभी ने पंचायतों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।

Leave a Comment