Buy Advt. Space

वन मंत्री केदार कश्यप ने कोण्डागांव को दी 12.47 करोड़ के 10 विकास कार्यों की सौगात

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,  प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम बोटीकनेरा, हड़ेली और कुधूर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर कोण्डागांव जिले को 12 करोड़ 47 लाख 75 हजार रुपये की लागत के 10 महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सड़क निर्माण, 100 सीटर छात्रावास भवन, आहाता निर्माण, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और सोलर हाई मास्ट लाइट स्थापना जैसे कार्य शामिल हैं।

इन विकास कार्यों से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, शिक्षा, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

नक्सलवाद से मुक्ति के बाद दूरस्थ गांवों में पहुंच रहा विकास

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे के साथ शांति और विश्वास का नया वातावरण निर्मित हुआ है। पहले जिन क्षेत्रों में नक्सलवाद के कारण अधिकारी-कर्मचारी नहीं पहुंच पाते थे, आज वहां जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। शासन की योजनाएं अब दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही हैं और विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।

उन्होंने नक्सलवाद से क्षेत्र को मुक्त कराने में पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर को विकसित एवं समृद्ध संभाग बनाने का संकल्प पूरा किया जा रहा है।

सड़क, छात्रावास और रोशनी से मजबूत होगा ग्रामीण बुनियादी ढांचा

वन मंत्री ने ग्राम बोटीकनेरा में 72.50 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें ग्राम पंचायत बोटीकनेरा में 10 लाख रुपये की लागत से पांच दुकानों वाले व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण शामिल है। इससे स्थानीय युवाओं को व्यवसाय और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।

इसके अलावा हसलनार, मर्दापाल और मयूरडोंगर के प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावासों में आहाता निर्माण तथा हसलनार के व्यापार सह गोदाम केंद्र, मर्दापाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बड़ेकुरुषनार के पटेलपारा में सोलर हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाएगी।

ग्राम हड़ेली में 687.78 लाख रुपये की लागत से खोड़सानार-पदेली-हड़ेली मार्ग पर पुल-पुलियों सहित 5.975 किलोमीटर डामरीकरण सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इससे आसपास के गांवों का संपर्क बेहतर होगा और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

वहीं ग्राम कुधूर में 271 लाख रुपये की लागत से 100 बिस्तरीय छात्रावास भवन का विद्युतीकरण सहित निर्माण तथा ग्राम पंचायत जोड़ेंगा में 216.47 लाख रुपये की लागत से पोहमार से जोड़ेंगा तक 1.92 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।

कुधूर में बदली तस्वीर, अब प्रशासनिक अधिकारी पहुंच रहे गांव तक

कुधूर में आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री ने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले इस क्षेत्र में पहुंचना बेहद कठिन था। नदी-नालों को पार कर पैदल या साइकिल से आवागमन करना पड़ता था। नक्सलवाद के कारण विकास कार्य और प्रशासनिक पहुंच सीमित थी।

आज उसी क्षेत्र में पक्की सड़कें और पुल-पुलियों का निर्माण हो रहा है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी समय-सीमा की बैठक आयोजित करने दूरस्थ ग्राम कुधूर पहुंच रहे हैं। यह क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलाव और भयमुक्त वातावरण का प्रमाण है।

उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि गांवों में बिजली, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, लखपति दीदी और वीबी-जी-राम-जी सहित विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

किसानों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदी की जा रही है। साथ ही किसानों को आदान सहायता राशि का लाभ भी दिया जा रहा है।

उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की सराहना करते हुए कहा कि बिहान योजना के माध्यम से महिलाएं सिलाई, मुर्गी पालन, बकरी पालन और किराना दुकान जैसे व्यवसायों से आत्मनिर्भर बन रही हैं। अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी योजना से जोड़ने का आह्वान किया।

कुधूर में उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं और बीसी सखियों से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जिले की बीसी सखियों ने लगभग 5 करोड़ 15 लाख रुपये का बैंकिंग लेन-देन किया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाएं सुलभ होने के साथ महिलाओं को रोजगार और आय के अवसर मिल रहे हैं।

वनोपज और पारंपरिक उत्पादों की ब्रांडिंग से बढ़ेंगे रोजगार

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर में प्राकृतिक वनोपज और पारंपरिक उत्पादों की अपार संभावनाएं हैं। चार-चिरौंजी, साल बीज, इमली, तेंदूपत्ता, जामुन सहित अन्य वनोपज और कोदो, कुटकी, मड़िया, कोसरा तथा कड़ेनार के प्रीमियम चावल की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है।

इससे ग्रामीणों की आय बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने केशकाल के पारंपरिक व्यंजन आरसा की ब्रांडिंग कर इसे विभिन्न आयोजनों में शामिल करने का सुझाव भी दिया।

इसके साथ ही बस्तर की पारंपरिक संस्कृति, कुटुंब दियारी, गांव दियारी और जात्रा जैसी परंपराओं के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है और इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

कलेक्टर ने कहा- दूरस्थ गांवों में विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन और सहयोग से कुधूर जैसे दूरस्थ क्षेत्र में 100 सीटर छात्रावास निर्माण का कार्य आगे बढ़ सका है। उन्होंने कहा कि कभी नक्सलवाद और भय के कारण पहुंचविहीन रहे कुधूर में आज जिला स्तरीय समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सभी जिला अधिकारी दो से तीन घंटे तक बैठकर विकास कार्यों की समीक्षा कर सके।

उन्होंने बताया कि अब दूरस्थ गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। चांगेर सहित बिजली से वंचित पारों में विद्युतीकरण का कार्य कराया गया है और शेष स्थानों पर भी बिजली पहुंचाने की कार्रवाई जारी है। पिछले डेढ़ वर्षों में क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, छात्रावास और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।

ग्रामीणों की मांग पर पुलिया, सीसी सड़क और रंगमंच निर्माण की घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की मांग पर वन मंत्री केदार कश्यप ने विभिन्न गांवों में पुलिया, सीसी सड़क, रंगमंच, घोटुल गुड़ी, माता गुड़ी सहित अन्य विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।

प्रमुख घोषणाओं में शामिल हैं:

  • चमई और जोगीअलवाड़ में 2-2 मीटर पुलिया निर्माण के लिए 6-6 लाख रुपये।
  • पेरमापाल में पुलिया निर्माण के लिए 6 लाख रुपये तथा चेरंग में 3 मीटर पुलिया के लिए 9 लाख रुपये।
  • केजंग में रंगमंच निर्माण के लिए 5 लाख रुपये।
  • मड़ागांव में पुलिया निर्माण के लिए 6 लाख रुपये।
  • रेंगागोंदी में घोटुल गुड़ी निर्माण के लिए 5 लाख रुपये।
  • व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा मल्हार में माता गुड़ी निर्माण की घोषणा।

इसके अलावा हड़ेली में पांच एकड़ के खेल मैदान का समतलीकरण और सामाजिक एवं मांगलिक आयोजनों के लिए सार्वजनिक डोम शेड निर्माण की स्वीकृति दी गई।

बेदबेड़ा में सीसी सड़क के लिए 9 लाख रुपये, खंडाम में पुलिया के लिए 4.50 लाख रुपये, बोटीकनेरा के चीलाडीह के पास पुलिया के लिए 4.50 लाख रुपये तथा कचोरा में 150 मीटर सीसी सड़क के लिए 4.50 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

इसी तरह पोलंग और चांगेर में पुलिया निर्माण के लिए 4.50-4.50 लाख रुपये, कांगा और झारा में सीसी सड़क निर्माण के लिए 9-9 लाख रुपये तथा बादालूर में विकास कार्यों के लिए 4.50 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, जनपद सदस्य रामशिला मरकाम, बेलकुराम बघेल, पवन कोर्राम, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Comment