खैरागढ़। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में 5 नवंबर 2026 को खाद्य विभाग की टीम ने छुईखदान क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और असुरक्षित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया।
खाद्य प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने लिए गए
अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान मेसर्स जैन जलपान गृह से लाल पेड़ा एवं नमकीन सेव का नमूना संकलित किया गया। वहीं ढिमरीन कुआं क्षेत्र स्थित यादव होटल से मिनी पेड़ा और गुलाब जामुन के नमूने जांच के लिए लिए गए।
अखाद्य रंग से बनी मिठाइयां कराई गईं नष्ट
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम को अखाद्य रंग से तैयार लगभग 5 किलोग्राम जलेबी एवं बालूशाही मिली। इसके अलावा अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित लगभग 20 प्लेट समोसा एवं भजिया भी पाए गए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन सभी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
कार्रवाई के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, अखाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने तथा प्रतिष्ठान परिसर में स्वच्छता रखने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
दीपावली तक जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य विभाग द्वारा आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले में विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचाना और त्योहार के दौरान सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।








