Buy Advt. Space

दुर्ग में चिट्टा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 13 गिरफ्तार; करीब 40 लाख का माल जब्त

By

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) बेचने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। खुर्सीपार थाना पुलिस ने इस मामले में अब तक 11 वयस्क आरोपियों और 2 अपचारी बालकों समेत कुल 13 लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन सहित कुल 39 लाख 95 हजार 800 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन क्रमांक-03, जीरो स्ट्रीट स्थित एक मकान में अवैध रूप से हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपये बताई गई है, बरामद हुई।


इसके अलावा पुलिस ने 2 लाख 38 हजार 600 रुपये नकद, 19 नग सोने के आभूषण, चांदी के जेवर और बर्तन, 10 मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक हुंडई i-20 कार भी जब्त की है।
मामले की विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की। इसी क्रम में 24 नवंबर को रबेल सिंह और गौरव अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से चिट्टा बिक्री की रकम, दो मोबाइल फोन, हुंडई i-20 कार और अन्य सामग्री जब्त की गई।


पुलिस के अनुसार, आरोपी हेरोइन की खरीद-बिक्री के जरिए आर्थिक लाभ कमाने का नेटवर्क चला रहे थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दुर्ग पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों और संगति पर नजर रखने तथा नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है

Leave a Comment