Buy Advt. Space

बाढ़ में फंसे पांच लोगों की थाना प्रभारी ने बचाई जान

By

दनिया पुल पर तेज बहाव में फंसी थी कार, रात के अंधेरे में नदी में उतरकर पुलिस ने किया रेस्क्यू

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, जिले के गंडई थाना क्षेत्र में बाढ़ के बीच पुलिस ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए कार में फंसे पांच लोगों की जान बचाई। थाना प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर गेंडले ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनते पानी में उतरकर एक-एक कर सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

दनिया पुल पर बाढ़ में फंसी कार

घटना 26 सितंबर की रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच दनिया पुल के पास की है। रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र निवासी पांच दोस्त कुबेर, कमलेश, निहाल, महक और प्रीति स्विफ्ट डिजायर कार से रायपुर से कान्हा-किसली, मध्यप्रदेश घूमने जा रहे थे।

दनिया पुल के ऊपर से बाढ़ का पानी तेज बहाव के साथ गुजर रहा था। अंधेरा होने और पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण उनकी कार पुलिस स्टॉपर से टकराकर पुल से नीचे उतर गई और तेज बहाव में फंस गई। देखते ही देखते कार पानी में डूबने लगी।

पेड़ की टहनी पकड़कर बचाई जान

मुश्किल परिस्थिति में पांचों लोग किसी तरह पास के एक पेड़ की टहनी पकड़कर रुके रहे। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर गेंडले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने बिना देर किए उफनते पानी में छलांग लगा दी। उन्होंने तेज बहाव और रात के अंधेरे के बीच एक-एक कर सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

बचाए गए लोगों ने पुलिस को बताया कि थाना प्रभारी के साहस और समय पर पहुंचने से उन्हें नया जीवन मिला। उन्होंने रात के अंधेरे में तेज बहाव के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर बचाव कार्य करने के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

एसपी ने पुलिस टीम की सराहना की

थाना प्रभारी और पुलिस टीम द्वारा किए गए इस साहसिक एवं मानवीय कार्य की पुलिस अधीक्षक, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने सराहना की। समय पर की गई पुलिस की कार्रवाई से पांच लोगों की जान बच सकी।

पुलिस की अपील

पुलिस ने बारिश के मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। नदी-नाले उफान पर होने की स्थिति में पुल के ऊपर से पानी बहने पर उसे पार करने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें।

Leave a Comment