सेवा संकल्प अभियान के तहत मेयर अलका बाघमार ने किया शुभारंभ
दुर्ग, नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहरवासियों को किफायती दरों पर ताजी, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण फल-सब्जियां उपलब्ध कराने की दिशा में अभिनव पहल की गई है। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर नाका स्थित वार्ड क्रमांक 21 के पंचरत्न गार्डन में ‘सब्जी की टोकरी’ केंद्र का शुभारंभ महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने किया।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य लीना दिनेश देवांगन, वार्ड पार्षद विद्यावती सिंह, चंद्रिका चंद्राकर, अरुण सिंह, कुमुद बघेल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
आसपास ही मिलेंगी ताजी और किफायती सब्जियां
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रारंभ किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत निगम द्वारा जनहित में यह अभिनव पहल शुरू की गई है। ‘सब्जी की टोकरी’ का उद्देश्य नागरिकों को उनके आसपास ही ताजी, स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और किफायती दरों पर फल एवं सब्जियां उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से शहरवासियों को बेहतर गुणवत्ता की ताजी सब्जियां एवं फल आसानी से उपलब्ध होंगे। भविष्य में कीटनाशक एवं रसायन मुक्त फल-सब्जियां उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा
महापौर ने कहा कि ‘सब्जी की टोकरी’ केवल फल-सब्जियां उपलब्ध कराने की पहल नहीं है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का माध्यम भी बनेगी। प्रत्येक केंद्र पर दो महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
शहर में करीब 10 स्थानों पर खुलेंगे केंद्र
नगर निगम द्वारा इसी तर्ज पर शहर के लगभग 10 विभिन्न स्थानों पर किफायती सब्जी एवं फल की दुकानें शुरू की जाएंगी। इसके लिए वार्ड क्रमांक 51 स्थित नाना-नानी पार्क सहित अन्य स्थानों को चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर जल्द ही केंद्र शुरू किए जाएंगे।
इस पहल से नागरिकों को उचित एवं किफायती दरों पर ताजी सब्जियां और फल उपलब्ध होने के साथ ही स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
स्वच्छ और व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराने का लक्ष्य
महापौर ने कहा कि दुर्ग नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्मार्ट बनाने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार नवाचार कर रहा है। ‘सब्जी की टोकरी’ भी इसी दिशा में एक जनहितकारी पहल है, जिसका सीधा लाभ शहरवासियों को मिलेगा।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सस्ती, ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण फल-सब्जियां खरीदने के लिए सेवा संकल्प ‘सब्जी की टोकरी’ केंद्र का लाभ उठाएं।
स्थान: पंचरत्न गार्डन, रायपुर नाका, वार्ड क्रमांक 21, दुर्ग
समय: दोपहर 2:00 बजे से








