पितेश्वर हरपाल गरियाबंद । जिले के राजिम क्षेत्र से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी में सोमवार को सड़क किनारे एक युवक की लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव की स्थिति और मौके पर मिले निशानों से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सड़क पर मिले 100 मीटर तक घसीटने के निशान
ग्रामीणों के अनुसार, युवक की लाश को करीब 100 मीटर तक घसीटकर मुख्य सड़क पर फेंका गया है। सड़क किनारे और आसपास के इलाके में घसीटने के स्पष्ट निशान मौजूद हैं, जो किसी गंभीर आपराधिक वारदात की ओर इशारा कर रहे हैं। शव छत-विछत अवस्था में पड़ा हुआ था, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आग की तरह खबर फैल गई और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना राजिम पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजिम थाना प्रभारी अमृत लाल साहू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
शव कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। आसपास के क्षेत्र से अहम साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, जो मामले की गंभीरता को दर्शाते हैं। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
मृतक की पहचान की कोशिश, हत्या की आशंका गहरी
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान चंदू तारक के रूप में किए जाने की जानकारी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस इसकी आधिकारिक पुष्टि में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा है या सुनियोजित हत्या।
गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल
इस घटना के बाद देवरी गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना देखी जा रही है और लोग जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।








