Buy Advt. Space

बड़ेकनेरा स्कूल में आत्महत्या रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

By

विद्यार्थियों को आत्महत्या के लक्षण, जोखिम कारक और बचाव के उपाय बताए

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर जिले में 7 से 12 सितंबर 2026 तक आत्महत्या रोकथाम जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 सितंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ेकनेरा में आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मानसिक परेशानियों को पहचानने पर दिया जोर

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आत्महत्या के संभावित लक्षण, कारण, जोखिम कारक और रोकथाम के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। मानसिक स्वास्थ्य टीम ने विद्यार्थियों को मानसिक परेशानियों को पहचानने और समय रहते सहायता लेने के महत्व के बारे में बताया।

विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि मानसिक तनाव या परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति से संवेदनशीलता के साथ बातचीत करना और उसे सहयोग देना बेहद महत्वपूर्ण है।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट मधु बघेल, साइकेट्रिक नर्स दिव्यांशु चौधरी एवं साइकेट्रिक सोशल वर्कर वीरेंद्र केला ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को साझा करने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

‘बातचीत शुरू करें’ का दिया संदेश

इस वर्ष आत्महत्या रोकथाम जागरूकता की थीम “Changing the Narrative on Suicide” और “Call to Action: Start the Conversation” रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य आत्महत्या जैसे संवेदनशील विषय पर समाज में खुलकर बातचीत को बढ़ावा देना तथा जरूरतमंद लोगों तक समय पर मानसिक स्वास्थ्य सहायता पहुंचाना रहा।

आयोजकों ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, जरूरतमंद व्यक्ति की बात सुनने और समय पर सहायता उपलब्ध कराने का संदेश दिया।

Leave a Comment