Buy Advt. Space

पूर्व सैनिक सेवा परिषद के निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे ST आयोग अध्यक्ष

By

रूपसिंह मंडावी ने युवाओं को दिया मार्गदर्शन, राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने किया आह्वान

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, विकास नगर स्टेडियम, कोण्डागांव में संचालित अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, उपाध्यक्ष एम.डी. ठाकुर और सचिव पवन नेताम पहुंचे। उन्होंने सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया।

लक्ष्य तय कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें युवा

आयोग अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए सही लक्ष्य का चयन, सकारात्मक सोच और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना बेहद आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियों को अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से सीख लेने की अपील

आयोग के उपाध्यक्ष एम.डी. ठाकुर ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन से जुड़ा संस्मरण साझा किया। उन्होंने बताया कि विपरीत परिस्थितियों और निराशा के दौर में स्वामी शिवानंद से मिले मार्गदर्शन ने डॉ. कलाम को नई दिशा दी और आगे चलकर उन्होंने देश के राष्ट्रपति पद तक का सफर तय किया।

उन्होंने युवाओं से जीवन में आने वाली कठिनाइयों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने की अपील की।

कड़ी मेहनत से हासिल करें निर्धारित लक्ष्य

आयोग के सचिव पवन नेताम ने प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियों को अपने निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर और कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जरूरी है।

चार ब्लॉकों में चल रहा निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोण्डागांव के कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती ने बताया कि संगठन द्वारा युवाओं के लिए निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण कोण्डागांव, फरसगांव, बड़ेराजपुर और केशकाल ब्लॉक में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के साथ संगठन द्वारा स्वच्छता अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से भी बच्चों का मार्गदर्शन किया जाता है।

बड़ी संख्या में युवक-युवतियां रहे उपस्थित

इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, मीडिया प्रभारी कमलेश्वर ध्रुव, सदस्य श्रीकांत तिवारी, ढालेश साहू, राकेश धीवर सहित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बड़ी संख्या में युवक-युवतियां उपस्थित रहे।

Leave a Comment