Buy Advt. Space

जालबांधा उपतहसील कार्यालय में राष्ट्रीय पर्व पर ध्वजारोहण नहीं, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

By

रवि गहने जालबांधा। जालबांधा उपतहसील कार्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार उपतहसील कार्यालय परिसर में पिछले लगभग तीन से चार वर्षों से राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम नहीं किया गया है।

हैरानी की बात यह है कि उपतहसील कार्यालय के आसपास स्थित ग्राम पंचायत भवन एवं पशु चिकित्सा विभाग के कार्यालय में राष्ट्रीय पर्व के दौरान ध्वजारोहण किया जाता है, लेकिन उपतहसील कार्यालय में तिरंगा फहराने की परंपरा नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उपतहसील कार्यालय की नियमित व्यवस्था भी पर्याप्त कर्मचारियों के अभाव में प्रभावित हो रही है। कार्यालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर तक नहीं है और बाबू की भी व्यवस्था नहीं है। बताया जा रहा है कि तहसीलदार सप्ताह में लगभग दो दिन कार्यालय में आते हैं, जबकि बाकी दिनों में कार्यालय की जिम्मेदारी काफी हद तक कोटवार के भरोसे रहती है।

लोगों का कहना है कि उपतहसील कार्यालय आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों का केंद्र है। ऐसे में यहां पर्याप्त कर्मचारियों की नियुक्ति, नियमित अधिकारियों की उपस्थिति और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाना आवश्यक है।

अब सवाल यह उठता है कि जब आसपास के शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रीय पर्व पर ध्वजारोहण किया जा रहा है, तो जालबांधा उपतहसील कार्यालय में वर्षों से ध्वजारोहण क्यों नहीं हो रहा है? स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उपतहसील कार्यालय में नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय पर्व पर विधिवत ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित कराने की मांग की है।

Leave a Comment