पाटन/सेलूद। पाटन ब्लॉक के सेलूद भाठापारा स्थित तंदुला नहर में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हादसा हो गया। रायपुर के गुढ़ियारी से सेलूद में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आया 15 वर्षीय खिलाड़ी शिवम यादव नहर के तेज बहाव में बह गया।
हाथ-पैर धोने के दौरान फिसला पैर
जानकारी के अनुसार, शिवम प्रतियोगिता स्थल के पास तंदुला नहर की ओर गया था। इसके बाद नहर के किनारे हाथ-पैर धोते समय काई और ढलान के कारण उसका पैर फिसल गया। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और गहरे पानी में बह गया।
साथियों ने बचाने का किया प्रयास
शिवम को नहर में बहता देख साथी खिलाड़ियों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की तेज धार के कारण वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते शिवम पानी में ओझल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सेलूद सरपंच खिलेश मार्कंडेय मौके पर पहुंचे और पाटन पुलिस तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की सूचना दी। युवक की तलाश के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सेलूद में तंदुला नहर के तेज बहाव में बहा रायपुर का 15 वर्षीय खिलाड़ी








