पीतेश्वर हरपाल छुरा/गरियाबंद। छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जरगांव में खेत से मिले सड़े-गले शव की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की मौत खेत में बिछाए गए करंट की चपेट में आने से हुई थी। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मृतक की पहचान गंगाधर ध्रुव (45 वर्ष) निवासी जरगांव के रूप में हुई। 27 अगस्त को गंगाधर खेत की ओर गया था, जहां अवैध रूप से बिछाए गए विद्युत करंट की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कई दिनों तक शव खेत में पड़ा रहने से वह सड़-गल गया और बदबू फैलने लगी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही से कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 105/238 बीएनएस और विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस घटना से पूरे गांव में सनसनी और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों और जंगल किनारे करंट बिछाने जैसी खतरनाक गतिविधियों पर रोक लगाने कड़ी कार्यवाही हो। वहीं पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।
छुरा: करंट से हुई युवक की मौत का खुलासा, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल








