ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागाँव, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोण्डागाँव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में 55.470 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
59 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस ने दोनों प्रकरणों में कुल 55.470 किलोग्राम गांजा, दो कारें और 06 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 27 लाख 74 हजार 500 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा थार कार क्रमांक MP 09 BR 7895, मारुति फ्रोंक्स कार क्रमांक UP 93 CP 4471 और 06 मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 59 लाख 34 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
ओडिशा से रायपुर ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस अधीक्षक कोण्डागाँव श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपील चन्द्रा एवं एसडीओपी कोण्डागाँव श्री रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों द्वारा चेकिंग और नाकाबंदी की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध वाहनों के माध्यम से दामनजोडी, ओडिशा से रायपुर की ओर गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बायपास रोड, नया बस स्टैंड के पीछे चिखलपुटीपर और दुधगाँव एनएच-30 मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की।
दोनों वाहनों की डिक्की से मिला गांजा
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध थार और मारुति फ्रोंक्स वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। दोनों वाहनों की डिक्की से 04-04 कुल 08 पैकेटों में 55.470 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों और 06 मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया।
शिवपुरी जिले के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आक्तर खान (22), लक्ष्मण खटीक (32), भावेश केंवट (20), देव सेन (19), अरूण सैन (20), संजय पाल (19) और वीकेश यादव (20) शामिल हैं। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
इसके अलावा 16 वर्षीय एक विधि से संघर्षरत बालक, निवासी भौती, जिला शिवपुरी, को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत दोनों मामलों में पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार सातों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम का रहा विशेष योगदान
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक राजकुमार कोमरा, सहायक उप निरीक्षक निहार रंजन मंडल, लखन यादव, प्रधान आरक्षक अशोक मरकाम, सनीत सोरी, आरक्षक बुधसन कुलदीप, पुनउ राम पटेल सहित साइबर सेल कोण्डागाँव और थाना केशकाल के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
कोण्डागाँव पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








