दुर्ग। मंगल दीप पब्लिक स्कूल में छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोकपर्व हरेली का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्रीमती गायत्री सिंह एवं श्रीमती नीलू सिंह उपस्थित रहीं। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए हरेली पर्व की शुभकामनाएं दीं। श्रीमती नीलू सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय की प्राचार्या शशि प्रभा सिंह ने कहा कि मंगल दीप पब्लिक स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों को अपनी सभ्यता, संस्कृति, संस्कार एवं देशप्रेम से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए शिक्षा के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भी जरूरी है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षिकाओं वंदना इंगले, राजकुमारी साहू, अरुणा सिंह, दीपा मौर्या एवं पूजा सोनी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरेली पर्व के दौरान विद्यालय परिसर छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोकपरंपराओं के रंग में रंगा नजर आया।
मंगल दीप पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया हरेली पर्व








