Buy Advt. Space

तखतपुर में रहस्यमयी घटना: एक ही रात में 17 बकरियों की मौत, परिवार पर टूटा संकट

By

तखतपुर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत चितावर से एक बेहद मार्मिक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक गरीब परिवार की आजीविका का मुख्य साधन बनी 17 बकरियों की एक ही रात में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

सुबह का मंजर देख उड़े होश

जानकारी के अनुसार, चितावर निवासी प्रेम लाल विरकों रोज की तरह शाम को बकरियों को चराने के बाद घर के आंगन में बांधकर सो गए थे। लेकिन सुबह उठने पर उन्होंने देखा कि आंगन में सभी 17 बकरियां मृत पड़ी हैं। यह दृश्य देख परिवार के होश उड़ गए।

भयावह हालत में मिले पशु

बताया जा रहा है कि मृत बकरियों की हालत बेहद भयावह थी। कुछ पशुओं के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। इस घटना से 8 सदस्यीय परिवार गहरे सदमे में है।

लाखों का नुकसान, आजीविका पर संकट

पशुपालन ही परिवार की आय का एकमात्र साधन था। बकरियों की अचानक मौत से परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है।

जांच के बाद होगा खुलासा

ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे जंगली जानवर के हमले से जोड़ रहे हैं, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
घटना की सूचना पुलिस और राजस्व विभाग को दे दी गई है। प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की जा रही है।

Leave a Comment