Buy Advt. Space

बस्तर ओलंपिक 2026 के लिए कोण्डागांव में जागरूकता अभियान आयोजित, खिलाड़ियों से पंजीयन की अपील

By

विकासनगर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी पर दिया जोर

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, बस्तर ओलंपिक 3.0 में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कोण्डागांव के विकासनगर स्टेडियम में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। सुबह 6:30 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से खिलाड़ियों और आम नागरिकों को बस्तर ओलंपिक के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की गई।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष नरपति पटेल, ज्ञानू गोलछा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास को मिलता है बढ़ावा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नरपति पटेल ने कहा कि बस्तर ओलंपिक के माध्यम से दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों को खेल गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलने के साथ ही शारीरिक और मानसिक विकास को भी बढ़ावा मिल रहा है।

अधिक से अधिक पंजीयन कराने की अपील

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने बस्तर ओलंपिक के महत्व और इसमें भागीदारी के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने आम नागरिकों और खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और क्षेत्र में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलता है।

खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

जागरूकता अभियान में अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष सूरज यादव सहित विभिन्न खेलों के कोच, प्रशिक्षणार्थी, खिलाड़ी, गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में जिला खेल अधिकारी सुधा कुमार ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों एवं अन्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment