ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। माकड़ी, 30 जून 2026। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, माकड़ी के तत्वावधान में मंगलवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नाम तहसीलदार माकड़ी को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
खाद की उपलब्धता और कालाबाज़ारी पर जताई चिंता
धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि खरीफ सीजन के महत्वपूर्ण समय में किसान खाद के लिए भटक रहे हैं। सहकारी समितियों (लैम्पस) में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं है, जबकि खुले बाजार में यूरिया और डीएपी की कालाबाज़ारी हो रही है। उन्होंने पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा कालाबाज़ारी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
केसीसी ऋण और वन अधिकार पट्टों के मुद्दे उठाए
ज्ञापन में किसानों के केसीसी ऋण तीन दिनों के भीतर स्वीकृत एवं वितरित करने तथा बैंकों द्वारा स्वीकृत ऋण राशि एकमुश्त उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही वन अधिकार पट्टा धारकों एवं वर्षों से वन भूमि पर काबिज पात्र किसानों को न्याय दिलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर का किया विरोध
कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती और विद्युत दरों में वृद्धि पर नाराजगी जताई। उन्होंने बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने, ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसानों और आम उपभोक्ताओं पर बिना सहमति डिजिटल एवं स्मार्ट मीटर लगाए जाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
समस्याओं के समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं करती है तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौतम कुमार साहू ने कहा कि पार्टी किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर ब्लॉक से लेकर जिला एवं राज्य स्तर तक चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच, युवा कांग्रेस के सदस्य तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।








