ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्री खिलावन राम रिगरी की अध्यक्षता में लीगल एड डिफेंस काउंसिलों की निगरानी एवं सलाह समिति की मासिक बैठक प्रधान न्यायाधीश के विश्राम कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में लीगल एड डिफेंस काउंसिल योजना के तहत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
न्यायिक अधिकारियों की रही उपस्थिति
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती रेशमा बेरागी पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री गायत्री साय, न्याय रक्षक श्रीमती प्रभा मिश्रा, श्रीमती प्रीति विश्वास एवं श्री राकेश केवर्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लंबित प्रकरणों और कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों, अधिवक्ताओं द्वारा प्रदान की जा रही निःशुल्क विधिक सहायता तथा कार्यों की गुणवत्ता का विस्तृत अवलोकन किया गया। अध्यक्ष ने कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे विधिक सहायता
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री खिलावन राम रिगरी ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को समयबद्ध, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना लीगल एड डिफेंस काउंसिल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने सभी न्याय रक्षकों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा पात्र हितग्राहियों को बेहतर विधिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
पारदर्शी और प्रभावी कार्यप्रणाली पर चर्चा
बैठक में समिति के सदस्यों ने कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए विभिन्न सुझाव दिए। साथ ही समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।








