ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) के मार्गदर्शन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्री खिलावन राम रिगरी के निर्देश तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री गायत्री साय के नेतृत्व में सोमवार को कोण्डागांव के बाजार स्थल पर वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, संरक्षण एवं कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
गरिमापूर्ण जीवन और न्याय तक पहुंच पर दिया गया जोर
शिविर का आयोजन नालसा की निर्धारित थीम “वरिष्ठजन अधिकार, सशक्तिकरण और गरिमा” के तहत किया गया। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, संरक्षण संबंधी प्रावधानों तथा न्याय तक उनकी सहज पहुंच के प्रति जागरूक करना था।
विधिक प्रावधानों एवं योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन को वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण संबंधी कानूनी प्रावधान, वृद्धावस्था पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, शासन की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाएं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सम्मानपूर्ण एवं सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध कानूनी उपायों से भी अवगत कराया गया।
सम्मान और संवेदनशीलता का दिया संदेश
प्रचार-प्रसार के दौरान प्रतिधारक अधिवक्ता श्री सुरेन्द्र भट्ट ने कहा कि प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने, सामाजिक सुरक्षा प्राप्त करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता और न्याय पाने का अधिकार है। उन्होंने समाज से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का भाव रखने की अपील भी की।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रतिधारक अधिवक्ता श्री सुरेन्द्र भट्ट तथा अधिकार मित्र रंजन कुमार बैध, तरूणा ध्रुव एवं पूर्णिमा भण्डारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे।








