ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को कोण्डागांव जिले में व्यापक स्तर पर पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिपावंड में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
हर बच्चे तक पहुंचे पोलियो की दो बूंद : विधायक लता उसेंडी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने तथा कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
76 हजार से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 76,188 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन जिले के विभिन्न पोलियो बूथों पर 70,145 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
29 और 30 जून को घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
सीएमएचओ ने बताया कि अभियान के अगले चरण में 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश पहले दिन पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच सके। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियोरोधी दवा पहुंचाकर पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार करना है।
अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अभिभावक रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रतीक चौधरी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।








