ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिले में नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व के सफल, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मांझी, चालकी, गायता, पुजारी, मेम्बर एवं मेम्बरिन समाज के पदाधिकारियों एवं प्रमुखजनों ने कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा का सम्मान किया। 05 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में समाज प्रमुखों ने पर्व के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा की गई बेहतर कानून व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन और पुलिस की सराहना
सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ समाज प्रमुख श्री रामलाल कोर्राम, मांझी, चालकी, गायता एवं पुजारी समाज के अध्यक्ष श्री केजूराम नेताम, मेम्बरिन श्रीमती प्रेमबती मरावी तथा मां दंतेश्वरी मंदिर बड़े डोंगर के पुजारी श्री देवेन्द्रनाथ राणा सहित अन्य समाज प्रमुखों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का सम्मान किया।
समाज प्रमुखों ने कहा कि नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहतर प्रबंध किए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों के आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी से सभी धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
बेहतर समन्वय से शांतिपूर्ण संपन्न हुए धार्मिक आयोजन
समाज प्रमुखों ने कहा कि पर्व के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की सक्रियता के कारण श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण बना रहा। सभी आयोजनों में बेहतर व्यवस्था देखने को मिली, जिसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया।
महिला सुरक्षा के लिए दीदी स्क्वाड की हुई सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित दीदी स्क्वाड की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक एवं उनकी टीम को बधाई दी।
कलेक्टर और एसपी ने समाज प्रमुखों का जताया आभार
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा ने सभी समाज प्रमुखों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी पर्व, धार्मिक आयोजन एवं सामाजिक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन, पुलिस और समाज के सभी वर्गों का आपसी सहयोग एवं समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग, सहभागिता और आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की।
समाज के पदाधिकारी एवं प्रमुखजन रहे उपस्थित
सम्मान समारोह में जिले के मांझी, चालकी, गायता, पुजारी, मेम्बर एवं मेम्बरिन समाज के पदाधिकारी, सामाजिक प्रतिनिधि एवं अन्य प्रमुखजन उपस्थित रहे।








