ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को जिले के विभिन्न ग्रामों में स्थित धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से धान खरीदी सुनिश्चित करने तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चार धान उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने ग्राम लंजोड़ा, जुगानीकलार, भंडारसिवनी एवं बोरगांव स्थित धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और धान खरीदी के लिए की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ऑपरेटर, भंडारण और आवागमन व्यवस्था पर जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में ऑपरेटरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही धान को सुरक्षित रखने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने और केंद्रों में सुगम आवागमन की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी कार्य के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं।
ग्रामीणों से चर्चा कर जानी व्यवस्थाओं की स्थिति
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की और धान उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए खरीदी प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित की जाए।
समय-सीमा में पूरी करें सभी तैयारियां
कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए धान खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो, ताकि खरीदी कार्य शुरू होने के बाद किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इस अवसर पर खाद्य विभाग के अधिकारी श्री नवीन श्रीवास्तव, जिला विपणन अधिकारी श्री लोकेश देवांगन, सीसीबी नोडल श्री मनोज वानखड़े सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








