ब्यूरो रिपोर्ट रवि गहने खैरागढ़ (जालबांधा) खैरागढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत जालबांधा इन दिनों कथित आर्थिक अनियमितताओं को लेकर चर्चा में है। ग्रामवासियों और वार्ड पंचों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के समक्ष शिकायत दर्ज कर सरपंच के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विकास कार्यों में नियमों की अनदेखी का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर नियमों की अनदेखी कर राशि आहरित की गई। नाली निर्माण एवं मरम्मत कार्य में लगभग 2 लाख 74 हजार 800 रुपये तथा व्यावसायिक परिसर निर्माण में 1 लाख 62 हजार 200 रुपये सहित अन्य मदों में बिना विधिवत प्रस्ताव और कार्य पूर्ण हुए ही भुगतान किए जाने की बात कही गई है।
पंचायत आय में गड़बड़ी के आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत की आय के प्रमुख स्रोत व्यावसायिक परिसरों का किराया, तालाब लीज एवं बाजार वसूली (करीब 39 हजार रुपये) को पंचायत खाते में जमा नहीं किया गया और उसका दुरुपयोग किया गया।
जांच रिपोर्ट में भी अनियमितता के संकेत
13 जनवरी 2026 के जांच प्रतिवेदन में भी निर्माण कार्यों में निर्धारित लागत से अधिक भुगतान और वित्तीय प्रक्रियाओं में त्रुटियों की पुष्टि होने की बात सामने आई है, जिससे आरोपों को प्रथम दृष्टया आधार मिला है।
सरपंच के स्थान पर पति के हस्तक्षेप का आरोप
मामले का एक गंभीर पहलू यह भी बताया गया है कि सरपंच की अनुपस्थिति में उनके पति द्वारा पंचायत कार्यों में हस्तक्षेप किया जा रहा है। आरोप है कि पंचायत के लेनदेन से जुड़े चेक में कथित फर्जी हस्ताक्षर कर वित्तीय कार्यवाही की गई।
महिला पंचों से दुर्व्यवहार का आरोप
शिकायत में महिला पंचों के साथ दुर्व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न के आरोप भी लगाए गए हैं। वार्ड पंचों का कहना है कि उन्हें योजनाओं की जानकारी तक नहीं दी जाती, जिससे पारदर्शिता प्रभावित हो रही है।
14 पंचों ने हटाने की मांग का किया समर्थन
स्थिति से नाराज 18 में से 14 वार्ड पंचों ने सामूहिक रूप से धारा 40 के तहत सरपंच को पद से हटाने की मांग का समर्थन किया है।
शिकायतकर्ताओं में दीनदयाल सिन्हा, शारदा नेताम, दुर्पती जांगड़े, गायत्री सिन्हा, उपसरपंच हरेश वर्मा, बिरेन्द्र बंजारे, सुनीता बाई निर्मलकर, स्वाति वर्मा, मीना बंजारे, तुलसी बाई वर्मा, प्रताप बंजारे, मोंगरा बंजारे, गायत्री वर्मा, सुमन बंजारे, रिंकू गुप्ता सहित कई ग्रामीण शामिल हैं।
अब इस पूरे मामले में प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।








