ब्यूरो रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर (मदनी चौक) में शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, साजिद अली (50) का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों की मौत जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के मुताबिक, पड़ोसियों ने बताया कि शुक्रवार शाम से घर का दरवाजा नहीं खुला था। संदेह होने पर सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घर के अंदर पांचों शव बरामद किए और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से शीतला मंदिर के पास मतपुर का रहने वाला था और करीब 8 महीने पहले ही संजय नगर स्थित सैयद जहीर के मकान में किराए से रहने आया था।

मृतकों के नाम:
साजिद अली (पति)
पत्नी
इरशाद अली (19 वर्ष, बेटा)
शाहिदा बेगम (17 वर्ष, बेटी)
इरशाबा परवीन (16 वर्ष, बेटी)

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।








