भिलाई। जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर भिलाई में चल रही शिवमहापुराण कथा के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत 7 महिलाओं को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चिन्हित कर पूछताछ की। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस सभी महिलाओं को थाना भिलाई नगर लेकर पहुंची, जहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
दरअसल, 17 से 23 अगस्त तक आयोजित शिवमहापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने कथा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी दौरान पुलिस की नजर कथा पंडाल में घूम रहे महिलाओं के एक समूह पर पड़ी। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और उनकी पहचान संबंधी जानकारी ली।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान महिलाओं द्वारा दी गई जानकारी संतोषजनक नहीं पाए जाने पर एहतियात के तौर पर उन्हें थाना भिलाई नगर लाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन महिलाओं के खिलाफ किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है और उन्हें किसी अपराध में आरोपी के तौर पर दर्ज नहीं किया गया है। कार्रवाई का उद्देश्य केवल संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम और आयोजन स्थल पर शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना था।
पुलिस के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जद में आने वाली महिलाओं में रीना (35), अनीता देवी (22), सोनाली उर्फ शीला (45), जाह्नवी देवी (22) और गीता देवी (37) शामिल हैं, जो ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश की निवासी बताई गई हैं। इसके अलावा संगीता (25) और नैना (20) ग्राम समकलपुर, थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश की निवासी हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस ने किसी प्रकार की सामग्री जब्त नहीं की है। पुलिस का कहना है कि कथा जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी, जेबमारी या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पुलिस टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कथा स्थल पर अनावश्यक रूप से महंगे आभूषण पहनकर न आएं। मोबाइल, नगदी और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों और अपने सामान पर विशेष नजर रखें। पुलिस ने लोगों से यह भी कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
फिलहाल पुलिस की यह कार्रवाई अपराध की पुष्टि के बजाय एहतियाती सुरक्षा कदम के तौर पर सामने आई है। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की निगरानी और जांच आगे भी जारी रहेगी।
भिलाई में शिवमहापुराण कथा के बीच 7 संदिग्ध महिलाओं पर पुलिस की कार्रवाई…








