ब्यूरो रिपोर्ट रवि गहने खैरागढ़ ।जालबांधा के बिजेतला चौक स्थित साहू किराना दुकान में 04 अप्रैल 2026 को हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना के लगभग तीन सप्ताह बाद जालबांधा पुलिस चौकी ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के दिन अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखे सिगरेट, पाउच, बिस्किट, वाई-फाई उपकरण, डीवीआर मशीन और नगदी सहित करीब 40 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया था। पीड़ित नुक्ता प्रसाद साहू, निवासी ग्राम शेरगढ़, ने इसकी रिपोर्ट चौकी जालबांधा में दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश की। जांच के दौरान पुलिस ने सोहन मंडावी (निवासी छुईखदान) और महेन्द्र साहू (निवासी नवागांव) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 28 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 331(2), 305(क), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राहत का माहौल है और लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
पहले हुई चोरी, अब खुलासा: साहू किराना केस में दो आरोपी गिरफ्तार








