Buy Advt. Space

छुईखदान में अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, नागपुर के दो आरोपियों समेत तीन गिरफ्तार

By

रवि गहने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। छुईखदान पुलिस ने जैन मोहल्ले में सोना-चांदी की दुकान का शटर तोड़कर हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में एक छुईखदान निवासी और दो आरोपी नागपुर, महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 की सुबह करीब 3 से 4 बजे वार्ड क्रमांक 08 जैन मोहल्ला निवासी 75 वर्षीय शांति लाल जैन की सोना-चांदी की दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने जेवरात चोरी कर लिए थे। मामले में थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत BNS की धारा 331(4), 305(ए) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों और चोरी गए माल की तलाश की जा रही थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने महेन्द्र साहु (26), निवासी रामपुर नवागांव, थाना छुईखदान, अक्षय गुरूवे (21), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र और अनिकेत मेश्राम (25), निवासी नागपुर, महाराष्ट्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ और आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी के सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए। पुलिस के अनुसार महेन्द्र साहु के कब्जे से करीब 21 किलो 800 ग्राम चांदी, 3.600 ग्राम सोना, नगदी तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। वहीं अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम के कब्जे से करीब 500-500 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद होंडा एक्टिवा भी जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक सोना-चांदी, नगदी और वाहन समेत जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹44.75 लाख है।

पुलिस ने कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को 19 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को उपजेल सलोनी भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में केसीजी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment