नूतन साहू । गरियाबंद | 29 दिसम्बर 2025
राजिम विधानसभा क्षेत्र के फिंगेश्वर विकासखंड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र के दो ग्रामों—कौंदकेरा और किरवई—में पक्की सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलने जा रही है।
ग्राम कौंदकेरा में गनपत घर से चांगबाधा तक 550 मीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण 51.05 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। नाले के पार बसे दो वार्डों में लगभग 700 की आबादी निवासरत है, जो बरसात के दिनों में टापू जैसी स्थिति में फंस जाती थी। सड़क निर्माण से अब ग्रामीणों का मुख्य मार्ग से सीधा संपर्क स्थापित होगा।
इसी तरह बेलटुकरी रोड से मां पुजेरिनदाई मंदिर, किरवई तक 500 मीटर सड़क का निर्माण 36.86 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्माण कार्य हेतु लोकृति कंस्ट्रक्शन, दुर्ग से अनुबंध किया गया है।
दोनों सड़कों का भूमिपूजन राजिम विधायक श्री रोहित साहू द्वारा जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।
ग्राम कौंदकेरा की सरपंच श्रीमती राधिका यादव ने कहा कि सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक आसानी से पहुंचेगा। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए शासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
यह परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र, सतत और संतुलित विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।
फिंगेश्वर में विकास को रफ्तार: कौंदकेरा व किरवई में बनेंगी दो नई पक्की सड़कें








