Buy Advt. Space

संसद में सनातन और भगवा के अपमान का आरोप, अमित मिश्रा ने विपक्ष पर साधा निशाना

By

भिलाईनगर। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रमुख आईटी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा ने संसद में विपक्षी सांसदों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान सनातन धर्म, भगवा वस्त्र और धार्मिक प्रतीकों का अपमान किया गया, जिससे करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

अमित मिश्रा ने कहा कि संसद में अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव और अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद द्वारा किए गए प्रतीकात्मक प्रदर्शन में भगवा वस्त्र और दान पात्र का इस्तेमाल किया गया, जो अनुचित और निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि भगवा रंग त्याग, तपस्या, संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक है तथा राजनीतिक विरोध के लिए धार्मिक प्रतीकों का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान भगवान राम के चित्र और भगवा वेशभूषा के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, उससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

अमित मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच एसआईटी और न्यायिक प्रक्रिया के तहत हो रही है तथा दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विपक्षी सांसदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उनकी संसद सदस्यता समाप्त करने की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों को मर्यादा और संवैधानिक गरिमा का पालन करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Comment