Buy Advt. Space

दुर्ग में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत: छात्र ने छात्रा की गला दबाकर हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

By

महेश प्रजापति दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक किराए के मकान में प्रेमी छात्र ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

फोन कॉल से शुरू हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका 25 वर्षीय यूनेश्वरी वर्मा खैरागढ़ जिले की रहने वाली थी और दुर्ग के बीएम कॉलेज में बी.एड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले दो वर्षों से पढ़ाई के लिए दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी।

आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष), जो बालोद जिले का निवासी है, वह भी उसी कॉलेज का छात्र है। दोनों के बीच फोन कॉल को लेकर विवाद शुरू हुआ था।

कमरे में हुई तीखी बहस

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद आरोपी युवक यूनेश्वरी को सुभाष नगर स्थित अपने किराए के कमरे पर ले आया। यहां दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़कर गंभीर झगड़े में बदल गई।

गुस्से में की हत्या

विवाद के दौरान आरोपी आक्रोश में आ गया और गुस्से में आकर उसने यूनेश्वरी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

108 को किया फोन, तब खुला मामला

हत्या के बाद आरोपी ने युवती को बेहोश समझते हुए 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया। जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। इस दौरान आरोपी मौके पर ही मौजूद रहा।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कार्तिक राम साहू को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

परिजनों को नहीं थी प्रेम संबंध की जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन दुर्ग पहुंचे। मृतका के पिता ने बताया कि यूनेश्वरी उनके दो बेटों में इकलौती बेटी थी। परिवार को उसके किसी प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में डिजिटल साक्ष्य सहित अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। आगे की जांच जारी है।

Leave a Comment