खैरागढ़। खैरागढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एकतरफा प्यार में पागल युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका के पति को मारने की नीयत से मौत का जाल बिछा दिया। आरोपी ने होम थिएटर स्पीकर के भीतर करीब 2 किलो बारूद छिपाकर पार्सल बम तैयार किया और उसे गिफ्ट पैक कर भेजा।

खतरे की भनक तब लगी जब गंडई निवासी अफसार खान के पास यह पार्सल पहुंचा। इलेक्ट्रिशियन होने के नाते अफसार को स्पीकर का असामान्य वजन और टूटा हुआ पावर पिन देखकर शक हुआ। उसने सावधानी से पार्सल खोला तो अंदर से जिलेटिन की छड़ें और डिटोनेटर बरामद हुए। अफसार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर बम निरोधक दस्ते और पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि स्पीकर इस तरह डिज़ाइन किया गया था कि जैसे ही बिजली से जोड़ा जाता, जोरदार धमाका होता और उसका आवरण घातक छर्रों में बदल जाता।

इस साजिश के पीछे मास्टरमाइंड विनय वर्मा निकला। उसने इंटरनेट ट्यूटोरियल देखकर यह आईईडी तैयार किया था। मकसद था अपनी पूर्व प्रेमिका के पति अफसार खान की हत्या करना। लेकिन जांच में और भी बड़ा नेटवर्क सामने आया। विनय के साथ छह और लोग शामिल थे, जिनमें फाइनेंसर, सप्लायर, फर्जी लोगो बनाने वाला और डिलीवरी में मददगार भी थे।

पुलिस ने इस केस में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 60 जिलेटिन स्टिक और 2 डिटोनेटर भी जब्त किए गए। पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा ने इसे बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक हत्या की साजिश को नाकाम करने की बात नहीं है, बल्कि अवैध विस्फोटक सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश है।
इस सनकी वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। लोग हैरान हैं कि कोई आशिक अपनी दीवानगी में इतना अंधा हो सकता है कि स्पीकर जैसे मासूम गिफ्ट को मौत का हथियार बना दे।








