उतई। विकसित भारत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धनोरा में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने चित्रकला, भाषण, निबंध, नृत्य-नाटिका एवं नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
विद्यालय की प्राचार्य नीलिमा गजपाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए।
‘नमो सेवा—अनकही कहानी’ ने मोहा मन
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य-नाटिका “नमो सेवा—अनकही कहानी” रही। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय, नृत्य और संवाद के माध्यम से सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रस्तुत किया। प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को भावविभोर कर दिया और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की गई।
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम धनोरा की सरपंच रूलेश्वरी बंजारे, उपसरपंच संगीता सप्रे, सांसद प्रतिनिधि ममता साहू सहित मनेश साहू, दिनेश साहू, मोतीलाल साहू एवं श्रीमती उषा साहू उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








