Buy Advt. Space

युवा शक्ति को सशक्त बनाने ‘युवा उड़ान 2026’ का आयोजन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन कोण्डागांव के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं के सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

युवा शक्ति, विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला

‘युवा शक्ति, विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं को नवाचार, सकारात्मक सोच और रचनात्मक कार्यों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

युवाओं से एआई के जिम्मेदार उपयोग की अपील

कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि युवा वही है जिसके सीने में देश के लिए जुनून हो, जो अपनी संस्कृति को आत्मसात करे और नारी शक्ति का सम्मान करे। उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग सोच-समझकर और जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की।

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश का उल्लेख करते हुए युवाओं से निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक, रचनात्मक एवं सृजनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

बस्तर के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण

केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि युवाओं में लक्ष्य प्राप्त करने की दृढ़ इच्छा और संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बस्तर ने लंबे समय तक माओवाद की चुनौती का सामना किया है और अब क्षेत्र को विकास की नई दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने बस्तर को देश का विकसित आदिवासी संभाग बनाने की दिशा में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

युवाओं के हाथों में देश का भविष्य

नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि युवाओं के हाथों में देश का भविष्य है और उनमें असंभव को संभव करने की क्षमता है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने की दिशा में संकल्प व्यक्त किया।

युवाओं को सही दिशा देने पर जोर

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि ‘युवा उड़ान’ के माध्यम से युवाओं के बेहतर भविष्य और विकास की संभावनाओं पर चर्चा की जा रही है, ताकि युवा अपने जोश और जुनून को सही दिशा में आगे बढ़ा सकें। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी देते हुए युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

विशेषज्ञों ने युवाओं की भूमिका पर रखे विचार

कार्यक्रम में डॉ. आकाश वासनिकर ने ‘विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत में युवाओं की भूमिका’, नसिर अहमद ने ‘केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियां एवं युवाओं के लिए हो रहे कार्य’ तथा शशिभूषण कन्नौजे ने ‘एक देश, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार रखे।

छह उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह युवाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, रामदई नाग, जैनेंद्र ठाकुर, जितेंद्र सुराना, ईना श्रीवास्तव एवं नागेश देवांगन, पार्षदगण सहित अपर कलेक्टर अजय उरांव, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुधा कुमार एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में युवाओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम का मंच संचालन वीरेन्द्र दीवान, ऋषिदेव सिंह और प्रभाकर सिंह ने किया।

Leave a Comment