भिलाई नगर। स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ (बीएमएस) के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष शरद दुबे के नेतृत्व में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री अरुण साव से नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में मुलाकात कर प्रदेश के नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान महासंघ ने 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए विभिन्न लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मांग पत्र के प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से चर्चा की और विभागीय सचिव तथा संचालक को दूरभाष पर निर्देश देते हुए महासंघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मांगों पर गंभीरता से विचार करने एवं समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
महासंघ के महामंत्री अनिल सिंह ने बताया कि मांग पत्र में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण, ठेका प्रथा समाप्त कर प्लेसमेंट कर्मचारियों को नियमित करने, पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा, निकायों का नया सेट-अप जारी करने, छठवें एवं सातवें वेतनमान का एरियर भुगतान, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भुगतान, प्रत्येक माह सात तारीख तक वेतन, पदोन्नति सहित कई महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।
महासंघ के पदाधिकारियों ने हाल ही में प्रदेश के सभी निकायों में परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित कराने तथा अनुकंपा नियुक्ति संबंधी निर्देश जारी करने पर उपमुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल में हरिशंकर चतुर्वेदी, संजय मिश्रा, विष्णु चंद्राकर, दुर्गेश गुप्ता, रामवृक्ष यादव, गोपाल सिन्हा, कृष्णा देशमुख, नवीन साहू, शशिकांत यादव, ईश्वर वर्मा, विवेक रंगनाथ, सुमन गुप्ता, पूजा ताम्रकार, नंदिनी, अनीता साहू, लव शर्मा, आशीष एवं दीपक निषाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव को स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ ने सौंपा 15 सूत्रीय मांग पत्र








