अंबिकापुर । शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रिंग रोड किनारे एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले को हत्या और संभावित दुष्कर्म के एंगल से जांच रही है।
मटन दुकान के पास मिला शव
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने महामाया प्रवेश द्वार के पास रिंग रोड स्थित एक झोपड़ीनुमा मटन दुकान के पास महिला का शव देखा। शव खून से लथपथ हालत में था, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पहचान छिपाने की कोशिश
मौके पर पहुंची पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुट गए। प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। साथ ही पहचान छिपाने के लिए चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया है।
दुष्कर्म की आशंका, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटनास्थल के हालात को देखते हुए पुलिस दुष्कर्म और गंभीर अपराध की आशंका जता रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एक फुटेज में महिला एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ नजर आई है, जिसकी पहचान और तलाश की जा रही है।
जांच जारी, आरोपियों की तलाश
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है।








