सरगुजा। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम केपी में एक 18 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शादी के महज ढाई महीने बाद हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी और शोक का माहौल है।
पति को बुलाया, फिर खुद को कमरे में किया बंद
जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा गिरी ने रविवार शाम अपने पति मुकेश गिरी को फोन कर तबीयत खराब होने की बात कही और घर आने को कहा। पति के घर पहुंचने पर वह उल्टी कर रही थी। कुछ देर बाद उसने पति को गले लगाया और अचानक दूसरे कमरे में जाकर खुद को बंद कर लिया।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजन
जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। खपरैल हटाकर अंदर पहुंचे तो देखा कि पूजा साड़ी के फंदे से लटकी हुई थी। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारने की कोशिश करते रहे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
छोटी बातों पर नाराज रहती थी मृतका
पति के बयान के अनुसार, पूजा अक्सर छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी। हालांकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। नवविवाहिता का मामला होने के कारण कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक और मानसिक स्थितियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








