रवि गहने खैरागढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए केसीजी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी जालबांधा ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 10.620 लीटर अवैध शराब, दो मोटरसाइकिल सहित 1,00,920 रुपये का मशरूका जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई शेरगढ़ तिराहा, पोटिया में की गई, जहां मनीराम लहरे (40 वर्ष) निवासी बाजार अतरिया को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके पास से 30 पौवा अंग्रेजी शराब (5.400 लीटर) तथा परिवहन में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई जालबांधा नहर के पास कच्ची सड़क पर की गई, जहां बॉबी रजक (23 वर्ष) निवासी बाजार अतरिया को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 29 पौवा देशी प्लेन शराब (5.220 लीटर) और परिवहन में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
दो अलग-अलग कार्रवाई में 10.620 लीटर अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार








