Buy Advt. Space

खैरागढ़-जालबांधा में शासकीय भूमि कब्जे का आरोप, कोटवार को हटाने ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

By

ब्यूरो रवि गहने।खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम जालबांधा में ग्रामीणों ने गांव के कोटवार पर शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने और भूमि रिकॉर्ड में हेराफेरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए कोटवार को पद से हटाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ईश्वर बंजारे पिछले लगभग 5 वर्षों से ग्राम पंचायत जालबांधा में कोटवार के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया कि पहले से ही कोटवार को लगभग 10 एकड़ शासकीय भूमि कोटवारी सेवा भूमि के रूप में दी जा चुकी थी। इसके बावजूद गांव की बची हुई चरागाह और निस्तारी भूमि को भी अपने नाम दर्ज कराने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार संबंधित भूमि पशुओं के चरागाह एवं ग्रामीण उपयोग की भूमि थी, जिसे अब निजी नाम पर दर्ज बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि उक्त भूमि को पुनः शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि ग्राम पंचायत जालबांधा की अनुमति और ग्रामसभा के प्रस्ताव के बिना शासकीय भूमि को कोटवारी सेवा भूमि के रूप में दर्ज कराया गया। यदि ग्राम पंचायत द्वारा कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया गया है, तो इसमें किसी सरकारी कर्मचारी या पटवारी की मिलीभगत होने की आशंका जताई गई है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की तत्काल जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने खसरा नंबर 141, 276, 441, 582, 598 एवं 624/2 का उल्लेख करते हुए कहा कि एक ही गांव में दोबारा शासकीय भूमि को कोटवारी भूमि के नाम पर देना उचित नहीं है। साथ ही इस जमीन के कारण किसानों को खेत आने-जाने में परेशानी हो रही है, जबकि कृषि कार्य का समय नजदीक है।

इस दौरान ग्रामीण संकेत कोठारी, दीनू सिन्हा, विनोद चोपड़ा, महेश गुप्ता, रोहित वर्मा, नंदू वर्मा, ब्रिज सिन्हा और रामजी वर्मा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment