सेलूद। सेलूद गांव के पास तांदुला नहर में शनिवार को डूबे 15 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव का शव रविवार सुबह SDRF की टीम ने बरामद कर लिया। हादसे के बाद से ही शिवम के परिवार और साथी खिलाड़ियों में शोक का माहौल है।
रायपुर के गुढ़ियारी निवासी शिवम यादव सेलूद में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने आया था। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे वह भाठापारा क्षेत्र स्थित तांदुला नहर के पास गया था। नहर किनारे हाथ-पैर धोने के दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तेज बहाव में बह गया।
शिवम को पानी में बहता देख उसके साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
करीब 20 घंटे चला तलाश अभियान
घटना की सूचना मिलते ही सेलूद सरपंच खिलेश मार्कंडेय ने उतई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद SDRF की टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। करीब 20 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रविवार सुबह करीब 6:45 बजे घटनास्थल से कुछ दूरी पर शिवम का शव बरामद किया गया।
उतई थाना पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है।
तांदुला नहर में बहे 15 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी का शव बरामद, परिवार में शोक








