रिसाली । रिसाली निगम क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां निगम प्रशासन और ठेकेदार की लापरवाही के आरोपों के बीच एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा न सिर्फ सिस्टम पर सवाल खड़े करता है, बल्कि गरीब मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता भी पैदा करता है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक रोशन देवांगन (22 वर्ष) विद्युत विभाग के कार्य में कोठारी ठेकेदार हर्ष श्रीवास्तव के अंतर्गत काम कर रहा था। उसे बिना किसी सुरक्षा उपकरण न हेलमेट, न दस्ताने, न ही सेफ्टी बेल्ट सीधे बिजली के खंभे पर चढ़ाकर काम करवाया जा रहा था।
सुरक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां
मौके पर न तो जरूरी उपकरण मौजूद थे और न ही सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम। सवाल यह उठता है कि क्या एक युवा की जिंदगी इतनी सस्ती है कि उसे बिना ट्रेनिंग और सुरक्षा के मौत के मुंह में धकेल दिया जाए?
काम करते-करते मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खंभे पर काम करते वक्त अचानक हादसा हुआ और रोशन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैला रही है।
परिवार में मातम, इलाके में आक्रोश
युवक की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और वे दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
उठ रही हैं ये बड़ी मांगें
उच्च स्तरीय जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए
कोठारी ठेकेदार पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए
रिसाली निगम अधिकारियों की भूमिका की जांच हो
पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए
बड़ा सवाल
क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दब जाएगा?








