Buy Advt. Space

दुर्ग में 21 अगस्त से सजेगा ‘रिमझिम सावन-2026’, महिलाओं के लिए होंगे विविध आयोजन

By

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी ‘रिमझिम सावन-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। सावन के उल्लास और महिलाओं की सहभागिता को समर्पित यह उत्सव 21 अगस्त, शुक्रवार से शुरू होगा। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाज सेविका श्रीमती कौशल्या देवी साय तथा अति-विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा डॉ. सरोज पाण्डेय की उपस्थिति में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम दुर्ग की महापौर श्रीमती अलका बाघमार करेंगी।

सावन क्वीन-2026 रहेगा खास आकर्षण

उत्सव में महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़, मटकी फोड़, आलू दौड़, कंचा-चम्मच दौड़ और बिंदी लगाओ सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली इच्छुक प्रतिभागियों के लिए सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक पंजीयन की व्यवस्था रहेगी।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘सावन क्वीन-2026’ फैशन शो होगा। इसमें प्रतिभागी भारतीय एवं पारंपरिक वेशभूषा में हिस्सा लेंगी।

महापौर अलका बाघमार के मार्गदर्शन में आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक में सांस्कृतिक विभाग प्रभारी हर्षिका संभव जैन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग प्रभारी शशि साहू ने महिला पार्षदों तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की।

नगर निगम द्वारा उत्सव स्थल पर महिलाओं के लिए विशेष मंच, आकर्षक स्टॉल, खेलकूद प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए निगम प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

महापौर अलका बाघमार ने शहरवासियों से रिमझिम सावन-2026 में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन की रौनक बढ़ाने तथा महिलाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Leave a Comment