ब्यूरो चीफ: रवि गहने खैरागढ़। जिला केसीजी पुलिस टीम ने ग्राम गहिरा-गोपालपुर में हुए बुजुर्ग की अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की यह वारदात 26 फरवरी 2026 की रात को अंजाम दी गई थी, जिसे आरोपी ने चोरी का रूप देने की कोशिश की थी।
पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी 2026 की सुबह थाना ठेलकाडीह को सूचना मिली कि ग्राम गहिरा-गोपालपुर निवासी लेडगूराम वर्मा की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड एवं एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर बिरेन्द्र कुमार वर्मा, निवासी ग्राम गहिरा-गोपालपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि मृतक अक्सर उसके घर आता-जाता था और उसे घर व खेती के काम को लेकर अपमानित करता था। साथ ही परिवार की महिला पर बुरी नजर रखने के संदेह से वह आक्रोशित था। इसी रंजिश में 26 फरवरी की रात करीब 11 बजे वह कुल्हाड़ी (टंगिया) लेकर मृतक के घर पहुंचा और सोते समय उसके सिर पर तीन वार कर गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में घटना को चोरी दर्शाने के लिए खिड़की तोड़कर आलमारी में तोड़फोड़ की।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त टंगिया, खून लगे कपड़े एवं अन्य साक्ष्य बरामद कर जब्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 3 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मामले में आगे की विवेचना जारी है।
केसीजी पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार








