Buy Advt. Space

CG News: रायपुर में दर्दनाक हादसा, धान से लदा ट्रक कार पर पलटा; पति-पत्नी समेत 3 की मौत

By

रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। धान से लदा एक ट्रक अचानक कार के ऊपर पलट गया, जिससे कार पूरी तरह दब गई। हादसे में कैब ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल दंपती ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान बलौदाबाजार निवासी राजकुमार शर्मा (66), उनकी पत्नी पद्मा शर्मा और कैब चालक प्रवीण के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजकुमार शर्मा रायपुर के एमएमआई अस्पताल में 10 फरवरी से भर्ती थे और उनकी बाइपास सर्जरी हुई थी। रविवार को छुट्टी मिलने के बाद वे पत्नी के साथ तिल्दा स्थित अपने घर लौट रहे थे। बड़े बेटे ने पुणे से ऑनलाइन कैब बुक की थी।

बताया जा रहा है कि पुरानी विधानसभा के पास नरदहा क्षेत्र में कार की रफ्तार स्पीड ब्रेकर के कारण धीमी थी। उसी दौरान बलौदाबाजार की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। ब्रेकर पर झटका लगने से ट्रक का लॉकिंग हुक टूट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। ट्रक और उसमें लदी धान की बोरियां सीधे कार पर गिर गईं।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दंपती को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने के आधे घंटे के भीतर दोनों की मौत हो गई।

डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक पलौद के धान केंद्र से दोंदेकला जा रहा था। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Comment