Buy Advt. Space

CG: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, दुल्हन के भाई की चाकू मारकर हत्या

By

धमतरी/मगरलोड़। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम भोथीडीह में ‘चौथिया’ कार्यक्रम के दौरान बैंड पार्टी के सदस्यों ने दुल्हन के भाई पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना में चार अन्य युवक भी घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 बालिग और 2 नाबालिग सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, गरियाबंद के मालगांव निवासी चंदन निषाद अपनी बहन की शादी के बाद आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने भोथीडीह आया था। शनिवार रात बाजार चौक में नाच-गाने के दौरान धक्का लगने को लेकर उसका बैंड पार्टी के सदस्यों से विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि बैंड पार्टी के कुछ सदस्यों ने चंदन को दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल चंदन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घेराबंदी कर सात आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। सभी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Comment