डुन्डेरा । रिसाली नगर निगम क्षेत्र के डुन्डेरा वार्ड में विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई। वार्ड में पाइपलाइन विस्तार और बिजली पोल विस्तारीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
वार्ड पार्षद रोहित धनकर ने बताया कि अमृत मिशन के तहत उन घरों तक पाइपलाइन पहुंचाई जाएगी, जहां अब तक नल कनेक्शन नहीं पहुंच पाया है। इससे वार्ड के लोगों को जल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। डुन्डेरा के विभिन्न क्षेत्रों शांति नगर, कचरू नगर और इंदिरा नगर में पाइपलाइन बिछाकर घर-घर पानी पहुंचाने की योजना है।
पार्षद ने कहा कि डुन्डेरा के प्रत्येक घर तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधित विभागों से लगातार समन्वय किया जा रहा है तथा प्रस्ताव तैयार कर पत्र के माध्यम से शासन को भेजा गया है।
इसी प्रकार हाल ही में बने नए घरों तक बिजली कनेक्शन पहुंचाने में आ रही समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पोल विस्तार का कार्य भी शुरू कराया गया है। इंदिरा नगर, शांति नगर और कचरू नगर सहित अन्य क्षेत्रों में नए पोल लगाए जाएंगे, जिससे दूर से अस्थायी कनेक्शन लेने की मजबूरी समाप्त होगी और सुरक्षित व सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद रोहित धनकर के साथ अजय साहू, संजय साहू, जीनत साहू, चेतन साहू, दुर्गेश साहू सहित अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई है कि इन कार्यों के पूरा होने से डुन्डेरा वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और विकास को नई दिशा मिलेगी।
डुन्डेरा में पाइपलाइन और पोल विस्तार कार्य का भूमिपूजन








