Buy Advt. Space

CG में सड़क हादसा, परीक्षा देने जा रहे छात्र की मौत

By

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में 12वीं बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दो छात्र सड़क हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार और सड़क किनारे पड़ी गिट्टी के कारण बाइक अनियंत्रित होकर दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, बतौली ब्लॉक के शांतीपारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में अध्ययनरत झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी और बैलकोटा निवासी निष्क एक्का बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। परीक्षा में देरी होने की आशंका के चलते दोनों तेज रफ्तार में थे। सुबह करीब 9 बजे कुनकुरी के पास निर्माणाधीन सड़क पर किनारे डाली गई गिट्टी पर बाइक फिसल गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने चल रही दूसरी बाइक से टकरा गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्र बाइक सहित करीब 12 फीट तक उछल गए। सामने चल रही कार के ऊपर से गिरते हुए वे सड़क पर कई मीटर तक घिसटते चले गए। इस दर्दनाक हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क निर्माण कार्य और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद परिजनों और स्कूल में शोक का माहौल है।

Leave a Comment