पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गरियाबंद अध्यक्ष मोहम्मद हाफिज खान के नेतृत्व में पिपरछेड़ी मंडल एवं सेक्टर अध्यक्ष सदस्यों द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष माननीय दीपक बैज के निर्देशानुसार पीपरछेड़ी हाट बाजार में “वोट चोरी हस्ताक्षर अभियान” की शुरुआत की गई।
अभियान का उद्देश्य भारत निर्वाचन आयोग से यह मांग करना है कि मशीन रीडेबल मतदाता सूची को फोटो सहित सार्वजनिक जांच के लिए उपलब्ध कराया जाए। साथ ही हर चुनाव से पहले विलोपन और जोड़ की सूचियों को तस्वीरों सहित प्रकाशित करने, गलत तरीके से नाम हटाए जाने पर त्वरित शिकायत निवारण प्रणाली लागू करने तथा अंतिम समय पर नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ब्लॉक अध्यक्ष हाफिज खान ने कहा कि मतदाता दमन में शामिल अधिकारियों और एजेंटों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। इसी मकसद से यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सभी बूथों पर जाकर मतदाताओं से हस्ताक्षर करवाए जाएंगे और उन्हें वोट चोरी रोकने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से बढ़ाई जा रही है, ताकि लोकतंत्र की रक्षा और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो सके।
गरियाबंद: कांग्रेस ने वोट चोरी रोकने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत








