Buy Advt. Space

योग दिवस पर कोंडागांव ने स्वस्थ भारत का संकल्प लिया

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम कोंडागांवकोंडागांव, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

सांसद भोजराज नाग और विधायक लता उसेण्डी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर के सांसद श्री भोजराज नाग शामिल हुए। इस अवसर पर बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेण्डी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र ठाकुर, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना तथा पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर हुआ आयोजन

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम इस वर्ष की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ पर आधारित रहा। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से लोगों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

योग भारत की प्राचीन धरोहर : सांसद भोजराज नाग

सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है, जो पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है तथा शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण से विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य के लिए जैविक खेती को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया।

योग से मिलता है मन, शरीर और आत्मा का संतुलन

विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय ऋषि-मुनियों की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के अनेक देशों में योग को अपनाया जा रहा है और यह मन, शरीर एवं आत्मा के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए अवश्य निकालना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है।

नशामुक्ति की शपथ और पौधरोपण

कार्यक्रम के समापन पर सांसद श्री भोजराज नाग ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। इसके बाद सभी अतिथियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया।

बड़ी संख्या में शामिल हुए नागरिक

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से योग, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Leave a Comment