01 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के जुड़ेंगे नाम, 04 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कोण्डागांव, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने बुधवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक ली। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) उपस्थित रहे।
मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने पर जोर
बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया और उसके उद्देश्यों की जानकारी दी गई। वर्तमान फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली को आधार बनाकर उसे अद्यतन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य 01 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं पहली बार मतदाता बनने वालों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना है।
इसके साथ ही मृत, स्थानांतरित, दोहरे और अन्य अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने तथा नाम, पता, आयु और फोटो संबंधी त्रुटियों में सुधार किया जाएगा। इस प्रक्रिया से मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ किया जाएगा।
12 नवंबर को प्रारूप और 04 जनवरी को अंतिम सूची का प्रकाशन
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विभिन्न कार्य किए जाएंगे। प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं—
- 02 नवंबर 2026 तक: मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण एवं पुनर्गठन।
- 12 नवंबर 2026: एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन।
- 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक: दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि।
- 28 दिसंबर 2026 तक: प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण।
- 04 जनवरी 2027: अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के जुड़ेंगे नाम
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 01 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकेंगे।
इसके अलावा 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले वर्तमान में 17 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवा भी मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर सकेंगे आवेदन
नागरिक मतदाता सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास ऑफलाइन माध्यम से भी फॉर्म जमा किया जा सकता है।
बीएलओ से संपर्क और हेल्पलाइन की सुविधा
मतदाता ECINET मोबाइल ऐप में उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के माध्यम से अपने बूथ लेवल अधिकारी से बात करने के लिए कॉल रिक्वेस्ट भी भेज सकते हैं। मतदाता पंजीकरण एवं पुनरीक्षण से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने पात्र नागरिकों, विशेषकर नए मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा उपलब्ध विवरणों में आवश्यक सुधार कराने की प्रक्रिया पूरी करें।








