Buy Advt. Space

बालिका छात्रावास उरंदाबेड़ा में साइबर जागृति अभियान आयोजित

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री अभिनव उपाध्याय (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी श्री अखिलेश धीवर के नेतृत्व में थाना उरंदाबेड़ा पुलिस द्वारा बालिका छात्रावास उरंदाबेड़ा में जन चौपाल के तहत ‘साइबर जागृति अभियान’ का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित करना तथा छत्तीसगढ़ को साइबर क्राइम मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा।

‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ से जागरूकता का संदेश

अभियान के तहत ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ थीम पर लोगों को जागरूक किया गया। जारी लिंक पर क्लिक अथवा क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में फोटो लेने और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। इसका उद्देश्य साइबर सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

नगर सैनिक ने लिया सेल्फी अभियान में हिस्सा

हॉस्टल की नगर सैनिक प्रतिमा यादव ने अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली और इसके बाद सेल्फी फ्रेम को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। साथ ही व्हाट्सऐप ग्रुपों में लिंक साझा कर अधिक से अधिक लोगों को सेल्फी लेने और सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

महिला और बाल अपराधों की दी जानकारी

पुलिस टीम ने जन चौपाल के दौरान महिला संबंधी अपराध, बाल अपराध एवं लैंगिक अपराध, महिलाओं की सुरक्षा, अपराध की रोकथाम और नशे से मुक्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा अभिव्यक्ति ऐप तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए गुड टच-बैड टच की जानकारी भी दी गई।

साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

पुलिस ने साइबर अपराधों से बचने के लिए अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करने, अनजान लोगों से व्हाट्सऐप कॉलिंग नहीं करने और करोड़पति लॉटरी जैसे झांसे में नहीं आने की समझाइश दी। किसी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल कर सूचना देने की जानकारी भी दी गई।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील

ग्रामीणों को गांव में किसी अनजान व्यक्ति के आने पर थाना पुलिस को सूचना देने, यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी व्यक्ति के अवैध प्रवासी होने का संदेह होने पर पुलिस को सूचित करने के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से साइबर अपराधों सहित अन्य अपराधों की रोकथाम में सक्रिय भागीदारी निभाने और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Comment